- छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाणपत्र लेने पहुंचे लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
ब्यूरो/अमर उजाला
चकराता। बीएसएनएल की कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण बृहस्पतिवार को भी तहसील मुख्यालय स्थित ई-ड्रिस्ट्रिक्ट सेवा केंद्र में कामकाज प्रभावित रहा। इससे आय प्रमाणपत्र जारी करने का काम प्रभावित रहा।
बता दें, समाज कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाणपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की है। ऐसे में छात्रवृत्ति के आवेदनकर्ताओं की मुसीबत बढ़ गई है। प्रमाणपत्र जारी नहीं होने पर लोगों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आय प्रमाणपत्र जमा कराने की तिथि बढ़ाने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसारबीते चार दिन से तहसील मुख्यालय में बीएसनएल की इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है। इस कारण लोगों को जनाधार केंद्र से प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र के कई अभिभावक छात्रवृत्ति के भरोसे ही अपने बच्चों को पढ़ा रहे हैं। ऐसे में यदि विभाग ने तिथि नहीं बढ़ाई तो उनके बच्चे छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रह जाएंगे। ज्ञापन में महावीर चौहान, सूरज, प्रकाश, दीवान, टीकम सिंह, केशर चौहान, केदार सिंह, मुन्ना सिंह, राकेश, रूबी, बलबीर वर्मा, अनिल, अमित चौहान, गुलाब सिंह, सुखिया, गुड्डू आदि के हस्ताक्षर हैं। तहसीलदार केएस नेगी का कहना है कि मामले में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से बात की जाएगी। वहीं एसडीएम वीके तिवारी ने कहा कि कनेक्टिविटी नहीं होने की दशा में अधीनस्थों को मैन्युअल आय प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।