ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कोतवाली पुलिस ने बड़ी पहल की है। इसके तहत चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम चौराहे तक जीरो जोन घोषित किया गया है। तीन दिसंबर से लागू इस नियम के बाद जीरो जोन में ऑटो या विक्रम सवारियां बैठा या उतार नहीं पाएंगे। इससे इस क्षेत्र में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से निजात मिल सकेगी। इस संबंध में बृहस्पतिवार को ऑटो-विक्रम यूनियनों और कोतवाल रितेश शाह के बीच बैठक के बाद सहमति बनी है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि नगर में आए दिन तिपहिया वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था गड़बड़ाई रहती है। इसके लिए एक रास्ता निकाला गया है। उन्होंने कहा कि चंद्रभागा पुल पेट्रोल पंप से लेकर जयराम आश्रम चौराहे के बीच जीरो जोन घोषित किया गया है। इस रूट पर न ही कोई ऑटो व विक्रम चालक सवारियां बैठाएगा और न ही सवारियां उतारेगा। यदि ऐसा कोई करता पाया जाता है, तो ऐसे वाहनों को सीज किया जाएगा। यह व्यवस्था तीन दिसंबर से लागू होगी।
निर्धारित जगह पर बैठाई जाएंगी सवारियां
कोतवाल के अनुसार वाहन चालक निर्धारित जगह कोयल घाटी, पुरानी चुंगी, पुराना बस अड्डा, देहरादून तिराहा, कैलाश गेट आदि पर ही रुककर सवारियों को बैठा या उतार सकते हैं। बैठक में मुनिकीरेती की विक्रम चालक एसोसिएशन, तपोवन की उत्तराखंड विक्रम चालक एसोसिएशन, गढ़वाल विक्रम टेंपो वेलफेयर, ऑटो यूनियन बस अड्डा और ऑटो यूनियन घाट चौक ऋषिकेश के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वीकेंड पर लग जाता है जाम
तीर्थनगरी में आम तौर पर वीकेंड पर तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। बाहरी राज्यों के वाहन आने से ट्रैफिक रेंग-रेंग कर चलता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है, ताकि जाम के कारण लोगों को परेशान न होना पड़े।