ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन आश्रम के स्वामी शुकदेवानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में मंगलवार को 11 दिवसीय मोतियाबिंद नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि व साध्वी भगतवती सरस्वती ने शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने कहा कि मानवता की सेवा करना ही सच्ची साधना व सेवा है। नि:स्वार्थ सेवा ही मानव को मानव से जोड़ती है। स्वच्छ जल और शुद्ध वायु के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इस दौरान आस्ट्रेलिया के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूर्णिमा राय के नेतृत्व में 22 सदस्यीय चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों की आंखों की जांच की। स्वामी शुकदेवानंद धर्मार्थ चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. रवि कौशल ने बताया कि चिकित्सालय में बीते कई वर्षों से लगातार मोतियाबिंद, नजर, त्वचा, दंत, महिलाओं की चिकित्सा, हड्डी रोगों से संबन्धित चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा रोगियों को नि:शुल्क चश्में, दवाईयां व अन्य सुविधाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं। चिकित्सा टीम में आस्ट्रेलिया से डॉ. पूर्णिमा रॉय, डॉ. अमरजीत संधू, डॉ. डेविड मेरफील्ड, डॉ. साइमन इरविन, डॉ. नीलिमा, संयुक्त राज्य अमेरिका से डॉ. मनोज पटेल, यूके से डॉ. रणजीत संधू, मलेशिया से डॉ. कलाई, नेपाल से डॉ. इरीना कानस्कर, डॉ. मिलिंद भाडे, डॉ. विवेक जैन, हैदराबाद, दिल्ली और देश के विभिन्न प्रांतों का पैरामेडिकल स्टाफ योगदान दे रहा है।