गौचर। विक्टोरिया क्रॉस दरवान सिंह नेगी को समर्पित राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध कव्वाल निजामी बंधु की कव्वालियों का सूफियाना अंदाज छाया रहा। साथ ही लोक गायक प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति पर झूमते रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत रूपकुंड सांस्कृतिक कला मंच ने की। संस्था की ओर से लोक गायक किशन दानू, टीम ने नंदा स्तुति और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। पिथौरागढ़ के लोक कलाकार प्रकाश रावत और साथियों तथा कर्णभूमि कला मंच के दिनेश कुमार की टीम ने प्रस्तुति दी।
इसके बाद कव्वाल निजामी बंधु ने वो जो तुझमें समाया, वो जो मुझमे समाया..., मौला फाया कुन.., दमादम मस्त कलंदर..., मेरे रश्के कमर और सूफियाना अंदाज में अन्य कव्वालियां पेश की। जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने रूमा झूमा रूमा झूमा संध्या..., जागर की प्रस्तुति दी। भरतवाण के साथ सुरतम भरतवाण, मंजू सुंदरियाल, राकेश, रजत आदि कलाकारों ने ज्ञानुमाला जागर, शिवजी कैलाशू रैंदा.. आदि गीत गाए। कार्यक्रम में बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट, एसडीएम जीआर बिनवाल, जयकृत बिष्ट, अजय किशोर भंडारी, सुनील पंवार आदि मौजूद थे।
उद्यम स्थापित करने की दी जानकारी
गौचर। उद्योग विभाग की गोष्ठी में उद्यमियों को उद्यम स्थापित करने के लिए विभाग द्वारा दी जाने वाली सहायता और बैंक ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला उद्योग केद्र के महाप्रबंधक डा. एमएस सजवाण ने बताया कि स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण कुटीर उद्योगों के प्रचार प्रसार हेतु इस बार मेले में 40 स्टॉल लगाए गए हैं। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट, विभाग के मेला इंचार्ज एलएस आर्य, प्रमुख राधा देवी, सभासद अनिल नेगी आदि मौजूद थे। वहीं उरेडा द्वारा मेला पांडाल में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें परियोजना अधिकारी वाईएस बिष्ट ने योजनाएं बताई।