ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य नगर-कीर्तन निकाला गया। नगर-कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारों ने की। नगर कीर्तन में गतका पार्टी और बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। गतका पार्टी ने हैरतगेंज करतब दिखा लोगों को दांतों तले अंगुलियां दबाने पर मजबूर कर दिया।
अजीतनगर और मुख्य बाजार स्थित गुरुद्वारा परिसर के साथ ही शहर को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम ढलते ही पूरा शहर रोशनी से नहा उठा। नगर-कीर्तन में शामिल शाही सवारी पर जगह-जगह फूल बरसाए गए। जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को शीतल जल, खीर, मिठाइयां और फल वितरित किए गए। अजीतनगर गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन गीता भवन, आर्य समाज चौहान, पहाड़ी गली, सिनेमा गली, अस्पताल रोड होते हुए मुख्य बाजार स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पहुंच संपन्न हुआ। इससे पूर्व गुरुद्वारा में कीर्तन का भी आयोजन किया गया।
शबद कीर्तन कर किया गुणगान
चकराता। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में चकराता बाजार स्थित गुरुद्वारे में कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें नन्हे बच्चों ने भी शबद कीर्तन का गुणगान किया। शबद कीर्तन सुन संगत खूब निहाल हुई। गुरुद्वारे की निष्काम सेवा के लिए दलजीत नागपाल, रविंद्र पाल सिंह और सोनू को सम्मानित किया गया। नन्हे-मुन्नें बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। कीर्तन दरबार से पूर्व सहज पाठ का भोग डाला गया। कीर्तन दरबार में रागी भाई अजय सिंह और भाई मान सिंह ने शबद सुना संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में प्रधान गुरुद्वारा पाराचिनार अरविंद कुकरेजा ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर लंगर का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर प्रधान गुरुद्वारा सिंह सभा एचपी सिंह, डॉ. हरभजन सिंह, तीर्थ कुकरेजा, आरपी सिंह, दलजीत नागपाल, अनिल चांदना, राहुल चांदना, जसपाल नागपाल, परमजीत सिंह, गुरुचरण सिंह, मनीष कुकरेजा, आशीष, अरविंद कौर, अविनाश, सोनिया, ममता चांदना, जसविंदर कौर, सिमरन कौर आदि मौजूद रहे।