ब्यूरो/अमर उजाल/ऋषिकेश।
लायंस क्लब ऋषिकेश के सभी क्लबों ने रविवार को संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र में नेत्रदान जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया गया।
जनजागरूकता रैली को मेयर अनिता ममगाई ने नगर निगम परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली तिलक रोड, रेलवे रोड, हरिद्वार रोड, क्षेत्र रोड, श्री भरत मंदिर रोड, घाट रोड से होते हुए सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय आदर्शग्राम में संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र छात्राओं ने ‘किसी को दे दो जीवन दान, अमर रहना है तो कर दो नेत्रदान’ आदि नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि नेत्र दान कार्य एक पुनीत कार्य है, समय के प्रत्येक वर्ग को इसमें सहयोग देना चाहिए। लायन राम सरन चावला ने बताया कि देश में कॉर्निया के अंधत्व के रोगियों के मुकाबले नेत्रदान काफी कम है। इस समस्या से बचने के लिए नेत्रदान की काफी आवश्यकता है। हिमालयन हास्पिटल की नेत्र विभाग की कार्निया प्रत्यारोपण चिकित्सक ने दान में प्राप्त हुए कार्निया के उपयोग पर जानकारी दी व उपस्थित लोगों की भ्रांतियां दूर कीं। मुख्य अतिथि लायंस क्लब की उपमंडलाध्यक्ष संजीवा अग्रवाल ने कहा कि समाज की समस्याओं को निस्वार्थ रूप से एक होकर निराकरण करना ही क्लब का उद्देश्य है। नेत्र दान में सहयोग करने पर राकेश रावल, अनिल कक्कड़, सुरेंद्र भंडारी, महेंद्र अरोड़ा, मधुसूदन सरकार, संगीता आनंद, डॉ. अनुराधा राज, डॉ. हर्षिका चावला, धर्मेश मनचंदा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशाल बिंदल, गोपाल नारंग, विनय भाटिया, गुलशन चंदानी, अतुल जैन, आशु डंग, चंद्रवीर पोखरियाल, नवल कपूर, राजीव अरोड़ा, अभिनव गोयल, राजकुमार अग्रवाल, हरीश आनंद, अशोक मनचंदा, रमेश जैन, रमन नारंग, धीरज मखीजा, सुशील छावड़ा आदि मौजूद रहे।