श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत नियत वेतन, दैनिक वेतन व प्रबंधन समिति के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। शासन ने कर्मचारियों का 31 मार्च 2019 तक सेवा विस्तारीकरण कर दिया है। विस्तारीकरण होने से 204 कर्मचारियों के पिछले सात माह से रुके वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज व इससे संबद्ध बेस अस्पताल में विभिन्न श्रोतों से अस्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। संस्थान में दैनिक वेतन पर कार्यरत 114, नियत वेतन पर तैनात 80 और प्रबंधन समिति में कार्यरत 10 कर्मचारियों का समय-समय पर सेवा विस्तारीकरण किया जाता है। समय पर सेवा विस्तारीकरण न मिलने की वजह से उक्त कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हो पाता है। कर्मचारियों का सेवा विस्तार विगत 31 मार्च को समाप्त हो गया था, जिसके चलते उनको पिछले सात माह से वेतन नहीं मिल पाया था। लंबी इंतजारी के बाद 22 नवंबर को शासन ने 204 कर्मचारियों को एक अप्रैल 2018 से एक साल का सेवा विस्तारीकरण दे दिया है। इस संबंध में अपर सचिव अरुणेंद्र सिंह चौहान की ओर से निदेशक चिकित्सा शिक्षा विभाग को आदेश भेजा गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि वर्तमान में वह विभागीय काम से बाहर हैं। लौटने के तत्काल बाद वेतन भुगतान कर दिया जाएगा।