गोपेश्वर। हिमाद समिति की ओर से आयोजित चाइल्ड लाइन से दोस्ती अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों और गांवों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई। समिति की ओर से 14 से 22 नवंबर तक यह अभियान चलाया गया।
चाइल्ड लाइन दोस्ती अभियान के तहत पीस पब्लिक स्कूल, सुबोध प्रेम विद्या मंदिर और जीआईसी माणा-घिंघराण के छात्र-छात्राओं ने कलक्ट्रेट में डीएम स्वाति एस भदौरिया को रक्षासूत्र बांधे और एक दूसरे की मदद के लिए तैयार रहने का संकल्प लिया। डीएम ने कहा कि चाइल्ड हेल्प लाइन से बाल श्रम, शोषण व उत्पीड़न को रोकने के लिए आम लोगों को आगे आने की जरूरत है, तभी बाल अधिकारों के हनन पर अंकुश लगाया जा सकेगा। डीएम ने छात्र-छात्राओं को कलक्ट्रेट और अन्य विकास विभागों में होने वाले कार्यों की जानकारी भी दी। चाइल्ड हेल्प लाइन सेवा की समन्वयक प्रभा रावत ने कहा कि चाइल्ड लाइन सेवा के माध्यम से लापता और अनाथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। स्कूली बच्चों ने पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रवि प्रकाश से भी मुलाकात कर आवश्यक जानकारियां लीं।