पीपलकोटी। पहली बार अस्तित्व में आई नगर पंचायत पीपलकोटी में भाजपा की ताजपोशी हुई है। यहां भाजपा के रमेश बंडवाल ने जीत दर्ज की है। लोगों को भाजपा से विकास की उम्मीद है।
नगर पंचायत पीपलकोटी में नौरख, अगथला, गडोरा और बाटुला वार्ड शामिल हैं। यहां 2538 मतदाता हैं, जिनमें से 1408 पुरुष और 1160 महिला मतदाता हैं। बंड विकास संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद, सज्जन लाल शाह, राजेंद्र हटवाल, अयोध्या प्रसाद हटवाल, नवीन वैष्णव, अतुल शाह और सुनील शाह का कहना है कि नवगठित नगर पंचायत पीपलकोटी में पेयजल की किल्लत बनी रहती है। पेयजल योजना का निर्माण भी कई सालों से लंबित पड़ा है। नई पंचायत में भाजपा प्रत्याशी की ताजपोशी हुई है। ऐसे में भाजपा से नगर में पथ प्रकाश, सीवर लाइन, सुचारु सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य, कूड़ा निस्तारण, सुलभ शौचालय और स्वच्छता की सुविधा की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने गिनाई प्राथमिकता
नव सृजित नगर पंचायत में सुविधाएं मुहैया कराना प्राथमिकता होगी। नगर में पेयजल की समस्या को सबसे पहले दूर किया जाएगा। सीवर की व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाएगा। यात्राकाल में तीर्थयात्रियों को रहने और खाने की बेहतर सुविधा दी जाएगी। - रमेश बंडवाल, अध्यक्ष, नगर पंचायत पीपलकोटी।
नंदप्रयाग में भाजपा ने जीत रखी बरकरार
गोपेश्वर। नगर पंचायत नंदप्रयाग में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने अपनी जीत बरकरार रखी है। लगातार दूसरी बार यहां भाजपा की ताजपोशी हुई है। भाजपा की हिमानी वैष्णव को 758 और कांग्रेस प्रत्याशी कनीज सिद्दकी को 510 मत पड़े। हिमानी ने कनीज को 248 मतों से हराया। निर्वाचित अध्यक्ष हिमानी वैष्णव ने अपनी प्राथमिकता भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार कर सबका साथ-सबका विकास के साथ कार्य किया जाएगा। नगर पंचायत में स्वास्थ्य, पेयजल, पथ प्रकाश और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर की गरीब जनता को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा।