कर्णप्रयाग। श्री गुरुरामराय पब्लिक स्कूल कालेश्वर (जयंकडी) के वार्षिकोत्सव समारोह में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। समारोह में बच्चों ने गुजराती, राजस्थानी सहित गढ़वाली गीतों और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति ने वर्ष 2018 की सीबीएसई बोर्ड में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
समारोह का उद्घाटन प्रदेश के धर्म संस्कृति एवं पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक टीका प्रसाद मैखुरी, चमोली की एआरटीओ एल्विन रॉक्सी, खंड शिक्षा अधिकारी यूसी कैलखुरा, उपखंड शिक्षा अधिकारी कैना चौहान ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सिर पर राखी मटकी.., हल्दी हाथ..., छोटा बच्चा जानके..., राना शेर मारे..., भग्यानी बौ..., सहित असमी, कथक, राजस्थानी, गुजराती सहित कई गीतों और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। समारोह में वर्ष 2017-18 की सीबीएससीई की 12वीं की परीक्षा में अव्वल रहने वाली आभा नेगी, ममता राणा, लक्ष्मी बिष्ट तथा 10वीं की परीक्षा में अस्मिता नौटियाल, आस्था खंडूड़ी और अंशुल गैरोला को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य बीबी डोभाल, संगीता पंवार, रितु मैठाणी, बीएन कुनियाल, हेम चंद्र सहित कई शिक्षक और स्टाफ आदि मौजूद थे।