गैरसैंण। एक महाविद्यालय में तैनात प्राध्यापक ने प्राचार्य पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया और उच्च शिक्षा निदेशालय को पत्र भेजा। छात्र-छात्राओं को जब इसका पता लगा तो उन्होंने कॉलेज में सांकेतिक तालाबंदी की और मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राध्यापक और प्राचार्य के तबादले की मांग की।
एक महाविद्यालय में तैनात प्राध्यापक ने उच्च शिक्षा निदेशालय को भेजे पत्र में प्राचार्य पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया। प्राध्यापक ने कहा कि प्राचार्य ने उन्हें किसी काम के बहाने अपने कक्ष में बुलाया और उत्पीड़न किया। जब यह मामला छात्र-छात्राओं को पता लगा तो एनएसयूआई और भाजयुमो छात्र नेता और अन्य छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज में सांकेतिक तालाबंदी की और मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने कहा कि यदि जल्द दोनों शिक्षकों का तबादला नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। दूसरी ओर प्राचार्य ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कोई भी जांच कमेटी आरोपों की जांच कर सकती है।