हरबर्टपुर में 76.61 और विकासनगर में 73.20 फीसदी मतदान
ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। पछवादून के दो नगर निकायों विकासनगर और हरबर्टपुर में रविवार को जमकर वोट ‘बरसे’। हरबर्टपुर में 76.61 फीसदी मतदान हुआ। जबकि विकासनगर में 73.20 फीसदी लोगों ने वोट डाले। दोनों निकायों के पालिकाध्यक्ष पद के 11 और सभासद के 84 प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटियों में कैद हो गया है। अब 20 नवंबर को मतगणना होगी। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है। देर रात तक कर्मचारी मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में पहुंचाने में जुटे रहे।
विकासनगर के 22 और हरबर्टपुर के 11 पोलिंग बूथों पर सुबह आठ बजे से ही मतदान शुरू हो गया था। इस दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुरू में मतदान की रफ्तार धीमी रही लेकिन, दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं का उत्साह बढ़ता चला गया। शाम पांच बजे तक ज्यादातर बूथों पर वोटिंग समाप्त हो चुकी थी हालांकि, कुछ बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारों के चलते मतदान प्रक्रिया शाम आठ बजे तक जारी रही।
गौरतलब है कि विकासनगर पालिका क्षेत्र से तीन और हरबर्टपुर से आठ उम्मीदवार नगर पालिकाध्यक्ष पद पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। सभासदों के लिए दोनों ही निकाय क्षेत्र से 42-42 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 20 अप्रैल को आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज परिसर में मतों की गिनती शुरू होगी। इसकेे लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। बेहतर व्यवस्था होने के कारण मतदाताओं को भी किसी तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ी। शांतिपूर्वक मतदान संपन्न होने पर प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।