ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश का चुनाव छिटपुट घटनाओं के साथ संपन्न हो गया। सभी 40 वार्डों के लिये 90 बूथों पर 67 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। बुजुर्ग जहां बेटों का सहारा लेकर मतदान करने पहुंचे वहीं महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में उठाए मतदान केंद्र तक पहुंचीं। हरिश्चंद इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर आदर्शनगर, श्री भरत मंदिर, आरपीएस, ज्योति स्पेशल स्कूल सहित सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव को लेकर लोगों में जागरूकता देखने को मिली। हालत यह रहे कि रेलवे रोड स्थित हरिश्चंद्र गुप्ता कन्या इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर शाम साढ़े सात बजे तक मतदान हुआ।
नगर निगम में कुल 83 हजार 517 मतदाता हैं। रविवार को हुए मतदान में कुल 55 हजार 956 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस से मेयर पद प्रत्याशी लक्ष्मी सजवाण ने इंद्रानगर के प्राथमिक विद्यालय में अपने पति ज्योति सजवाण के साथ मतदान किया। भाजपा से मेयर पद प्रत्याशी अनिता ममगाई ने अपने पति हेतराम ममगाई के साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या एक थाने के सामने में वोट डाला। वहीं, मेयर पद की निर्दलीय प्रत्याशी वीना दीप शर्मा ने मनीराम मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय में अपने पति संग वोट डाला। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी पत्नी और पुत्र के साथ ज्योति स्पेशल विद्यालय में मतदान किया।
बुजुर्ग भी किसी से कम नहीं
हरिश्चंद गुप्ता कन्या इंटर कॉलेज में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला आशा देवी को उनके परिजन गोद में उठाकर मतदान कराने लाए। वहीं 80 वर्षीय बुजुर्ग राजो देवी को उनके परिजन लाठियों के सहारे राजकीय महाविद्यालय में मताधिकार का प्रयोग कराने पहुंचे थे। ऐसा ही खास नजारा राजकीय ऑटोनामस महाविद्यालय में भी दिखा। यहां दिव्यांग सूरज भंडारी भी अपनी माता संग वोट डालने पूरे उत्साह के साथ पहुंचे थे।
ऋषिकेश में इस तरह रहा मतदान
समय मतदान प्रतिशत
8-11 25
11-1 45
1-3 55
3-7 67
हमें मत बताओ किसको मत देना है
मतदान के दौरान केंद्रों पर कई दिलचस्प वाकये सामने आए। आरपीएस स्कूल में मतदान करने आए एक वरिष्ठ नागरिक को जब पार्टी समर्थकों ने समझाने की कोशिश की तो वह ठिठक गए और बोले कि हमें मत बताओ किसकों वोट डालना है। इसी तरह कुछ और मतदाता आए और उन्होंने समर्थकों को चतुराई से जवाब दिया कि जो जीत रहा है उसी को डाला है वोट।
बच्चों के लिए मनोरंजन रहा मतदान का दिन
चुनावों में कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों संग मतदान केंद्र पहुंचीं। जब तक महिलाओं के मतदान की बारी आई, तब तक बच्चे मतदान केंद्र पर खेलते नजर आए। तो कहीं बच्चे अपने बड़ों से खाने पीने की वस्तुओं की मांग करते दिखे।