ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में निकाय चुनाव में 40 वार्डों में 90 बूथों पर मतदान किया जाएगा। इस बार कुल 83,517 वोटर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके साथ ही आईडीपीएल स्थित सामुदायिक केंद्र में मतगणना स्थल बनाया गया है। बृहस्पतिवार को तहसील में उपजिलाधिकारी प्रेमलाल ने बताया कि 90 बूथों में 27 बूथ अतिसंवेदनशील, 42 संवेदनशील घोषित किए गए हैं। मतगणना स्थल आईडीपीएल स्थित सामुदायिक केंद्र में सभी प्रकार की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर चुनाव में नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट बूथ निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही शुक्रवार को मतदान स्थल पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव संबंधी सामग्री वितरित की जाएगी। 17 नवंबर को वैलेट पेपर और बाक्स मुहैया कराए जाएंगे। मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अव्यस्था न हो, इसके लिए जिला स्तर से पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। मतगणना स्थल पर स्ट्रांग रूम भी बनाया गया है। मतदान स्थलों पर विकलांग और बुजुर्गो के लिए रैंप की व्यवस्था की गई है।
--------------------
15 नए वार्ड में 34 नए बूथ जुड़े
तीर्थनगरी ऋषिकेश नगर निगम बनने के साथ ही कुल 40 वार्ड बने हैं। गौरतलब है कि नगर पालिका के दौरान ऋषिकेश में 25 वार्ड थे। चुनाव में 56 बूथ बनाए गए थे। वहीं नगर निगम बनने के बाद 15 नए वार्ड और 34 नए बूथ बनाए गए हैं।
ये हैं अति संवेदनशील बूथ
अतिसंवेदनशील बूथों में न्यू चंद्रेश्वर नगर में सरस्वती विद्या निकेतन जूनियर हाईस्कूल में दो, त्रिवेणी कालोनी स्थित चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल में दो, दुर्गा मंदिर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में दो, भैरव मंदिर स्थित स्वामी दयानंद कैरियर पब्लिक स्कूल में दो, मायाकुंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में दो, वाल्मिकी नगर स्थित हरीशचंद्र गुप्ता बालिका इंटर कालेज में दो, सुभाष नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आदर्शनगर में तीन, शांतिनगर स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में दो, सर्वहारानगर स्थित पीजी कॉलेज ऋषिकेश में दो, शिवाजी नगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में दो, अमित ग्राम स्थित स्वामी ओमकारनंद पब्लिक स्कूल में तीन और मंशा देवी स्थित देव भूमि मॉडल पब्लिक स्कूल में तीन बूथ शामिल हैं।
ये हैं संवेदनशील बूथ
संवेदनशील बूथों में नेहरू ग्राम स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में दो, इंद्रानगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक, अमित ग्राम पूर्व स्थित स्वामी ओमकारानंद पब्लिक स्कूल में दो, गीता नगर स्थित जूनियर हाईस्कूल बापूग्राम में दो, सुमन विहार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बापूग्राम में दो, बापूग्राम स्थित पंचायत भवन में तीन, 20 बीघा स्थित आशुदीप जूनियर पब्लिक स्कूल में तीन, वीरभद्र मंदिर स्थित पशुपालन विभाग कार्यालय में दो, भरत विहार स्थित श्री गुरु राम राय इंटर कालेज में दो, आवास विकास स्थित डिवाईन एकेडमी में तीन, सोमेश्वर मार्ग स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कालेज में तीन, गंगा विहार स्थित ज्योति विकलांग स्कूल में दो, मनीराम मार्ग स्थित नगर निगम कार्यालय में दो, मुखर्जी मार्ग स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में दो, सदानंद मार्ग स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में दो, पुष्कर मंदिर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में दो , आदर्श ग्राम स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में दो, श्री भरत मंदिर झंडा चौक में दो बूथ घोषित हैं।
आईडीपीएल के सामुदायिक केेंद्र में होगी मतगणना
नगर निगम चुनाव में वोटो की गिनती आईडीपीएल स्थित सामुदायिक केंद्र में होनी है। प्रमुख रिटर्निंग आफिसर एसएल सेमवाल ने बताया कि मतगणना स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन की ओर से चुनावी व्यवस्था के संचालन के लिए स्टांग रूम और कंट्रोल रूम बनक र तैयार हो गया है। कंट्रोल रूम का संपर्क सूत्र नंबर 2430015 जारी किया गया है। मतों की गिनती के लिए सात-सात टेबल लगाई गई हैं। मतगणना के लिए निर्वाचन अधिकारियों की टीम में मेयर के लिए एक और सभासद के लिए 1-14 वार्ड, 15-28 और 29-40 वार्ड में तीन आरओ नियुक्त हैं। इसके साथ ही प्रत्येक आरओ के साथ तीन-तीन सहायक एआरओ तैनात रहेंगे।