श्रीनगर। आगामी 21 नवंबर से शुरू हो रहे बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों के लिए अलग से स्टॉल व रास्ते की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पीआरडी भी तैनात रहेगी।
बृहस्पतिवार को प्रभारी जिलाधिकारी दीप्ति सिंह की अध्यक्षता में मेले की तैयारी के लिए बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारियों ने मेले के सफल संचालन के लिए सुझाव दिए। प्रचार प्रभारी गिरीश पैन्यूली ने कहा कि मेला शुरू होने में एक हफ्ता भी नहीं रह गया है, लेकिन अभी तक समाचार पत्रों में मेले के कार्यक्रम की सूचना प्रकाशित नहीं हुई है। उन्होंने मेले में प्रतिभाग करने वाली सभी कीर्तन मंडलियों को सम्मानित करने का सुझाव दिया। प्रभारी डीएम ने मेले संबंधी सूचनाओं के संकलन और आदान-प्रदान के लिए अलग से सूचना अधिकारी तैनात करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप भी बना ले। खेल प्रभारी प्रदीप मल्ल ने क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए एनआईटी के बजाय एसएसबी के खेल मैदान को उचित बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस संबंध में एसएसबी के अधिकारियों से वार्ता करे। इस अवसर पर परेड प्रभारी एमपी सिलोड़ी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, एसडीएम मायादत्त जोशी, डीआईओ बदरीचंद नेगी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एसएन गुप्ता, विजयलक्ष्मी रतूड़ी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हयात सिंह झिंक्वाण, छवि अग्रवाल और अंजना डोभाल आदि मौजूद थे।
स्टार नाइट प्रभारी को नहीं लिया विश्वास में
श्रीनगर। स्टार नाइट प्रभारी विकास कुकरेती ने कार्यक्रम तय करने से पूर्व उन्हें विश्वास में न लेने का आरोप लगाया है। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के संबंध में आयोजित बैठक के समाप्त होने के बाद उन्होंने प्रभारी डीएम दीप्ति सिंह के समक्ष आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि स्टार नाइट के लिए जिन कलाकारों के नाम तय किए गए हैं, उनके बारे में नहीं बताया गया। अधिकारियों ने अपनी मर्जी से कार्यक्रम फिक्स कर दिया।
श्रीनगर के सितारे के लिए 18 को ऑडिशन
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में आयोजित होने वाले श्रीनगर के सितारे कार्यक्रम के लिए 18 नवंबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर मेें पहला ऑडिशन होगा। इस बार यह कार्यक्रम दो वर्गों लिटिल चैंप्स (07 से 16 साल) और सीनियर वर्ग (16 वर्ष से अधिक) में होगा। श्रीनगर के सितारे (श्रीनगर स्टार नाइट) का ग्रेंड फिनाले 23 नवंबर को होना है। कार्यक्रम प्रभारी सुधांशु नौड़ियाल और परवेज अहमद ने बताया कि दोनों वर्गों से 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर रखी गई है।
जारी
सन्दीप