ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
अस्पताल रोड स्थित महाकाली माता मंदिर में चल रही श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन प्रवचन करते हुए कथा व्यास अजय चमोली ने कहा कि जब जीव मां के गर्भ में आता है, तब वह हर पल प्रभु का स्मरण करता है और कहता है कि प्रभु जब मैं संसार में जाऊंगा तो कभी भी पाप कर्म नहीं करूंगा। लेकिन, जन्म लेते ही वह माया जाल में फंस जाता है।
इस मायाजाल से सिर्फ प्रभु स्मरण कर ही निकला जा सकता है। प्रभु भक्ति के भाव रस में डूबे होते हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान का स्मरण करता है, प्रभु उसके दुखों को हर लेते हैं। कलियुग में भागवत कथा के श्रवण मात्र से लोगों के दुख दूर हो जाते हैं। कथा के बीच-बीच में कथा व्यास ने भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी की हर कोई भाव-विभोर हो गया। कथा के बाद मां काली की डोली ने नृत्य कर लोगों को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर लक्ष्मी प्रसाद, विनोद बिजल्वाण, अनिल गोयल, पदमा गर्ग, विनीता, देवेश्वरी, बबली, सीमा, शकुंतला आदि मौजूद रहे।
-----
महायज्ञ 17 नवंबर से
साहिया। विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से साहिया में 17 और 18 नवंबर को नौ कुंडलीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रैली निकालकर युवाओं को नशे के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। सोमवार को साहिया में आयोजित बैठक में आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जागरूकता रैली में आशाओं के साथ ही क्षेत्र के कई स्कूलों के छात्र भी प्रतिभाग करेंगे। इस मौके पर जयराम, राधा कृष्ण सेमवाल, डॉ. गजेंद्र सिंह राय, डॉ. दिनेश चौहान, लीला देवी, ऊषा तोमर, रीता बिष्ट, सुमन, सुनीता, नीलम राय, सरिता भट्ट, पूनम तोमर, कला देवी, सुमित्रा आदि मौजूद रहे।