ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। भारतीय सशस्त्र सेनाओं के मध्य आयोजित साहसिक गतिविधियों के तहत पांच दिवसीय आर्मी एडवेंचर चैलेंज कप प्रतियोगिता का आगाज राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में हुआ। इसमें भारतीय जल सेना, थल सेना और वायु सेना के अलावा आईटीबीपी, बीएसएफ सहित कुल 11 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में गंगा नहर के किनारे सोमवार को आयोजित आर्मी एडवेंचर चैलेंज कप का शुभारंभ मुख्य अतिथि लेफ्टीनेंट जनरल हरीश ठुकराल सेना मेडल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
एक्वा नोडल सेंटर रायवाला के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागी टीमों के जवानों ने दुर्गम पहाड़ी और जंगली रास्तों से होते हुए 14 किमी माउंटेन साइक्लिंग, 12 किमी हिल रनिंग और 16 किमी वाटर राफ्टिंग की चुनौती को नियत समय सीमा में पूरा किया। प्रतिभागी जवानों का स्थानीय जनता ने रास्ते में तालियों से उत्साहवर्द्घन किया।