कर्णप्रयाग। नंदासैंण में चार दिवसीय पर्यावरण संवर्द्धन एवं पर्यटन विकास मेले का रंगारंग सांस्कृतिक और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन हुई महिला मंगल दलों की मांगल गीत प्रतियोगिता में बैनोली ममंद ने प्रथम स्थान हासिल किया।
मेला मैदान में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में क्षेत्र की 12 से अधिक महिला मंगल दलों ने मांगल गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इसमें बैनोली प्रथम, ऐरोली द्वितीय और देवलकोट तृतीय स्थान पर रहा। ग्रामीण रस्सीकूद प्रतियोगिता में कफलोड़ी की किरन प्रथम, बैनोली की बीना द्वितीय और ऐरोली की आशा तृतीय रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. उदय सिंह रावत ने कहा कि मेलों के आयोजन से संस्कृति का प्रचार होने के साथ ही सामाजिकता का निर्वहन भी होता है। समारोह को गोविंद बल्लभ विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डा. आरके मैखुरी ने भी संबोधित किया। मेला समापन पर आयोजन समिति ने प्रतिभागी सभी स्कूलों, महिला मंगल दलों और खेल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह नेगी, लक्ष्मी रावत, सरिता कुंवर, सरोजनी पुंडीर, हेमंती परमार, वीना शर्मा, डा. साधना कोठियाल, विकास कोठियाल, कर्ण सिंह रावत, जगदीश नेगी, केदारदत्त नैथानी और मुकेश नेगी आदि मौजूद थे।