श्रीनगर। शांति कुंज हरिद्वार की ओर से आयोजित 11 कुंडलीय गायत्री महायज्ञ की शुरूआत कलश यात्रा के साथ हुई। इस मौके पर शहरवासियों सहित गायत्री परिवार से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में कलश यात्रा में प्रतिभाग किया।
शनिवार को स्थानीय रामलीला मैदान में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज की ओर से 11 कुंडलीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। महायज्ञ से पूर्व अलकनंदा नदी के अल्केश्वर घाट से यज्ञ स्थल तक जल कलश यात्रा निकाली गई, जिसके बाद चार दिवसीय महायज्ञ शुरू हुआ। इस मौके पर हरीश पोखरियाल ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन संगीत, प्रवचन, योग, व्यायाम, देव पूजा व धरती पर स्वर्ग के अवतरण की भावना के साथ शक्ति संवर्धन तथा क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाएगी। इस मौके पर देवी प्रसाद काला, कमल किशोर थपलियाल, सुभाष राणा, बसंत रावत, वासुदेव कालड़ा, प्रेम लता कालड़ा, उमा घिल्डियाल, हरिओम प्रजापति, गंभीर सिंह फरस्वाण, सुखदेव शर्मा आदि मौजूद थे।