ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश। अमर बहादुर जूनियर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को ब्लैक कैब्स और विस्थापित न्यू इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। इसमें ब्लैक कैब्स ने जीत हासिल की।
आईडीपीएल खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विस्थापित न्यू इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। न्यू इलेवन ने 12 ओवर में 94 रन का स्कोर ब्लैक कैब्स के सामने रखा। ब्लैक कैब्स की ओर से नीरज ने 42 रन बनाकर टीम को आसानी से जीत दिलाई। ऋषि ने 4 विकट व दो कैच लेने में कामयाबी हासिल की। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर ऋषि को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया।
दूसरा मैच पैंथर्स और सम्राट क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। पैंथर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 12 ओवर में 90 रन का स्कोर खड़ा किया। पैंथर की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दिगदीप सिंह बेदी ने अहम 22 रन जोड़े। जवाब में सम्राट क्रिकेट एकेडमी की ओर से रजत धीमान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 34 गेंद में 60 रन बनाकर टीम को 10 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
मैच में अंपायर की भूमिका सागर और अमित ने निभाई जबकि स्कोरर समृद्ध गुसांई और अभिषेक यादव रहे। टूर्नामेंट के आयोजक मंडल ने बताया कि सेमीफाइनल मैच गढ़वाल स्पोर्ट्स क्लब, शिवाजी वॉरियर्स, ब्लैक कैब्स और सम्राट क्रिकेट एकेडमी के बीच शनिवार को होगा। इस दौरान मयंक रैवानी, शिवम, निर्मल, सुशांत रैवानी, नीरज, चमन, विपिन त्यागी, सौरव, शुभम गौड़, प्रिया, स्वाति आदि मौजूद थे।