गोपेश्वर। चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष के रिक्त पद पर पांच नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन विभाग ने मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिलाधिकारी/रिटर्निंग आफिसर स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि देवर-खडोरा की जिला पंचायत सदस्य भागीरथी कुंजवाल (भाजपा) और हाट-कल्याणी की सदस्य रमवती देवी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। जिला पंचायत सदस्य की जिले में 27 सीटें है, लेकिन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह के इस्तीफा देने के बाद यह सीट रिक्त है, जिससे अध्यक्ष पद के उपनिर्वाचन में सिर्फ 26 जिला पंचायत सदस्य ही मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक जिला पंचायत के सभागार में मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना कार्य भी संपन्न होगा।