गोपेश्वर। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को हिंदी के साथ ही अंग्रेजी भाषा का बेसिक ज्ञान देने के निर्देश दिए। साथ ही जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय नहीं हैं, वहां तत्काल शौचालय की वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया। जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अधिकारियों को जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों की दशा और दिशा में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए। केंद्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। डायट के प्राचार्य कुंवर सिंह को आंगनबाड़ी केंद्रों में पठन-पाठन के लिए यूनीक मॉड्यूल तैयार करने और इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ब्लाक स्तर पर प्रशिक्षण देने हेतु मास्टर ट्रेनर तैयार करने के निर्देश दिये।