श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से संबद्ध बेस अस्पताल के लिए राहतभरी खबर है। प्रांतीय चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण (पीएमएचएस) महानिदेशक ने अस्पताल के लिए 35 नर्सिंग स्टाफ के रिलीविंग आदेश जारी कर दिए हैं। कर्मियों की तैनाती से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा। अभी तक अस्पताल में 472 में से सिर्फ 136 ही नर्स (मेल/फीमेल) कार्यरत हैं।
बेस टीचिंग अस्पताल श्रीनगर में पीएमएचएस और चिकित्सा शिक्षा विभाग के नर्सिंग सहायक व स्टाफ नर्स तैनात हैं। दोनों संवर्गों के पद रिक्त चल रहे हैं। पीपीएचएस संवर्ग के अस्पताल में 118 पद स्वीकृत हैं। इसमें से सिर्फ 48 पद भरे हैं। वहीं चिकित्सा शिक्षा विभाग के 354 पदों के सापेक्ष 88 पदों पर स्टाफ नर्स व नर्सिंग असिस्टेंट तैनात हैं। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन होने की वजह से स्वास्थ्य विभाग यहां नई नियुक्ति नहीं कर रहा था। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने कुछ नर्सों का ट्रांसफर कर दिया। नर्सों की कमी को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बिना प्रतिस्थानी के उक्त नर्सों को रिलीव नहीं किया। साथ ही लगभग 15 दिन पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र भेजकर स्टाफ की तैनाती करने का अनुरोध किया। प्राचार्य प्रो. रावत ने बताया कि महानिदेशक ने 35 नर्सिंग कर्मचारियों के ट्रांसफर आदेश दिए हैं। कुछ दिन में उनकी तैनाती हो जाएगी।