गोपेश्वर। हिंदी फिल्म सड़क-टू की शूटिंग के लिए लोकेशन तलाशने शुक्रवार को फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट अपनी पुत्री पूजा भट्ट के साथ देश के अंतिम गांव माणा पहुंचे। उन्होंने यहां भीम पुल, केशव प्रयाग और माणा गांव का भ्रमण किया। करीब एक घंटे तक माणा में रहने के बाद वे देहरादून के लिए रवाना हुए।
बीस साल पहले महेश भट्ट के निर्देशन में हिंदी फिल्म सड़क की शूटिंग हुई थी। इसके बाद अब वे सड़क-टू की शूटिंग के लिए लोकेशन तलाशने यहां पहुंचे हैं। माणा गांव के पूर्व प्रधान पीतांबर मोल्फा से हुई मुलाकात में महेश भट्ट ने उन्हें बताया कि आगामी वर्ष मई व जून में सड़क-टू की माणा गांव में शूटिंग होगी। फिल्म में आलिया भट्ट और संजय दत्त मुख्य भूमिका में होंगे। महेश भट्ट ने बताया कि 4 और 5 नवंबर को वे ऋषिकेश में फिल्म शूटिंग की लोकेशन देखेंगे। ब्यूरो