गोपेश्वर। चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन के अंतिम दिन दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किए। जिलाधिकारी/रिटर्निंग आफिसर स्वाति एस भदौरिया और सहायक रिटर्निंग आफिसर हसांदत्त पांडे की मौजूदगी में भाजपा की उम्मीदवार भागीरथी कुंजवाल ने दो सेट और निर्दलीय प्रत्याशी रमवती देवी ने एक सेट में अपना नामांकन पत्र जमा कराया। भाजपा प्रत्याशी भागीरथी कुंजवाल देवर खडोरा और रमवती देवी हाट-कल्याणी जिला पंचायत वार्ड से जिला पंचायत सदस्य हैं। जिला पंचायत सदस्य की जिले में 27 सीटें है, लेकिन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह के इस्तीफे के बाद सदस्य का एक पद रिक्त होने से उपचुनाव के लिए सिर्फ 26 जिला पंचायत सदस्य ही मतदान करेंगे।
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद दोनों नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। तीन नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। पांच नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला पंचायत के सभागार में मतदान होगा और इसके बाद मतगणना संपन्न होगी।
पौने दो लाख तक खर्च कर सकते हैं प्रत्याशी
गोपेश्वर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उपनिर्वाचन में उम्मीदवार 1.75 लाख तक की अधिकतम सीमा तक खर्च कर सकते हैं। रिटर्निंग ऑफिसर ने उम्मीदवारों को निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर भी तैयार करने के निर्देेश दिए हैं। ब्यूरो