गैरसैंण। मैहलचौंरी जीआईसी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय लोक संस्कृति, कृषि एवं व्यापारिक मेला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। मेले में हुए लक्की ड्रॉ में रामनगर के आरुष नेगी ने प्रथम पुरस्कार के रूप में बाइक, मेहलचौंरी के ध्रुव कठैत ने एलसीडी टीवी, कुलदीप ने फ्रिज और धीरज ने वॉशिंग मशीन जीती।
मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि प्रदेश सरकार को देवभूमि में होने वाले मेलों को बढ़ावा देने के प्रयास करने चाहिए। ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण सुमति बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ही हमारी संस्कृति जीवंत रह सकती है। इस दौरान लोक गायक दीपक ममर्गाइं के बेडू पाका बारामासा... गीत पर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। मेले में आयोजित कुर्सी दौड़ और कैरम एकल प्रतियोगिता में रोशनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैरम प्रतियोगिता में भवान और जसपाल अव्वल रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में भटकोट की टीम प्रथम और आगरचट्टी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस दौरान कलाकारों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वालों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर चौखुटिया की पूर्व प्रमुख मीना कांडपाल, पूर्व दायित्वधारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सुरेश डिमरी, मेला समिति के अध्यक्ष चंद्र सिंह और व्यापार संघ अध्यक्ष मंगल सिंह आदि मौजूद थे।