कर्णप्रयाग। ऑलवेदर रोड परियोजना का निर्माण बदरीनाथ हाईवे से सटे गांवों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। इस निर्माण से ब्लाक के नौली गाव में छह गोशालाएं खतरे की जद में आ गई हैं, तो नौली, हड़कोटी जाने का पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा भी टूट गया है, जिससे गांव आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं देवलीबगड़ गांव की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
बदरीनाथ हाईवे पर भकुंडा से सोनला तक इन दिनों ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे का चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। हड़कोटी के ग्रामीण देवी प्रसाद पंत ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य से नौली गांव में प्रकाश चंद्र, मोहन प्रसाद, धनंजय, राकेश चंद्र, बंसती देेवी की गोशालाएं खतरे की जद में हैं। यही नहीं हड़कोटी और नौली जाने के लिए पैदल मार्ग और निर्माणाधीन विराजकुंज-हड़कोटी सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि गांव आने जाने वाले राहगीर और स्कूली बच्चों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना कर गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। यही नहीं सड़क के नीचे बसे देवलीबगड़ गांव की पेयजल लाइन भी चौड़ीकरण की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों ने यहां जल्द सुरक्षा दीवार बनाने, पैदल आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग भी की। दूसरी ओर एसडीएम जीआर बिनवाल ने बताया कि मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।