श्रीनगर। तबादला कानून के अनुरूप स्थानांतरण व प्रवक्ता पदों पर पदोन्नति सहित कई अन्य समस्याओं का निराकरण न होने पर राजकीय शिक्षक संघ ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। शिक्षक संघ का कहना है कि सरकार शिक्षकों की उपेक्षा कर रही है, जिससे शिक्षकों का मनोबल गिर रहा है।
राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व मंडलीय मंत्री शिव सिंह नेगी ने कहा कि तबादला कानून बनने से शिक्षकों में एक उम्मीद जगी थी, लेकिन तबादला कानून के तहत अभी तक स्थानांतरण सूची जारी नहीं की गई है। भूगोल, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और गणित विषयों में प्रवक्ता सूची जारी नहीं की जा रही है। नेगी ने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण व संवाद के लिए उच्च न्यायालय ने मंडल आयुक्तों की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कमेटी गठित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की उपेक्षा कर रही है, जिसका प्रभाव पठन-पाठन पर पड़ रहा है। शिक्षक संघ ने सरकार से जल्द उनकी समस्याओं का निराकरण किए जाने की मांग की है।