ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
समाजवादी पार्टी के अधिकृत मेयर प्रत्याशी मीना ग्रोवर का नाम ही मतदाता सूची से गायब है। यह जानकारी तब मिली जब मीना ग्रोवर नामांकन पत्र जमा करने तहसील पहुंचीं। इस बाबत सपाइयों ने उपजिलाधिकारी प्रेमलाल को ज्ञापन सौंपकर बीएलओ की शिकायत की और जांच की मांग की है। मीना ग्रोवर सपा के नगर अध्यक्ष अशोक ग्रोवर की पत्नी हैं।
अशोक ग्रोवर का आरोप है कि पत्नी मीना ग्रोवर सपा की अधिकृत मेयर उम्मीदवार हैं और साजिशन मीना ग्रोवर का नाम मतदाता सूची से गायब किया गया है। अशोक ग्रोवर ने कहा कि वे बीते कई वर्षों से 38, मनीराम मार्ग कमरा नंबर-2 में सपरिवार रहते हैं। अबतक विधानसभा चुनावों में मतदान करते रहे हैं। इसके बावजूद षड़यंत्र के तहत सूची से नाम हटाया गया है। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी का नाम हटाने में बीएलओ की भूमिका की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में रमेशचंद्र गौड़, राजपाल यादव, अतुल यादव आदि शामिल रहे।