कर्णप्रयाग। आगामी 26 अक्तूबर से आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार से जीआईसी के परिसर में मंच का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। समिति के सदस्य 25 अक्तूबर को आयोजित होने वाली पूर्व सैनिकों की पदयात्रा की सफलता के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं।
चार दिवसीय शताब्दी समारोह के तहत 25 अक्तूबर को विक्टोरिया क्रॉस विजेता स्व. दरवान सिंह नेगी के पैतृक गांव कफारतीर से लेकर कर्णप्रयाग तक पूर्व सैनिकों की पदयात्रा का आयोजन होना है, जबकि समारोह के उद्घाटन दिवस पर 26 अक्तूबर को पूर्व सैनिकों की झांकी और रैली का आयोजन होगा। रविवार को शताब्दी समारोह समिति के सदस्य वीरेंद्र मिंगवाल, सुदर्शन सिंह नेगी, कुंवर सिंह नेगी ने नलगांव, बगोली में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक की, जबकि सिमली में लोगों से संपर्क करते हुए पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की। सिमली में व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मिंगवाल, गोपाल चौधरी, बलवंत सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज पुंडीर, भगत सिंह, पंकज लडोला, हरेंद्र लडोला, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, पप्पू डिमरी आदि ने बैठक की। दूसरी ओर, जीआईसी परिसर में 26 से 29 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही है। समिति के अध्यक्ष हरीश पुजारी, महासचिव भुवन नौटियाल, जीआईसी के प्रधानाचार्य वीरपाल सिंह रावत आदि ने कहा कि कार्यक्रम के तहत विभिन्न सांस्कृतिक, एतिहासिक कार्यक्रमों की झांकियों के साथ ही सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।