कर्णप्रयाग। जिले की नगर पालिका कर्णप्रयाग और गौचर में भाजपा कांग्रेस ने अनुभवी चेहरों पर दांव खेला है। यहां टिकट की दौड़ में शामिल कई नए चेहरों को दरकिनार करते हुए दोनों राष्ट्रीय दलों ने पूर्व में चुनाव लड़ चुके नेताओं पर भरोसा जताया है। कर्णप्रयाग में भाजपा ने जहां दो बार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुकी दमयंती रतूड़ी पर तीसरी बार भी भरोसा जताया है, वहीं गौचर में कांग्रेस ने निवर्तमान सभासद और जिला नियोजन समिति की सदस्य इंदु पंवार को टिकट दिया है।
कर्णप्रयाग नगर पंचायत वर्ष 2008 में महिला के लिए आरक्षित होने पर भाजपा ने संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाली नेत्री दमयंती रतूड़ी को टिकट दिया गया। तब यहां निर्दलीय मनोरमा डिमरी ने जीत दर्ज की और दमयंती को दूसरे नंबर पर रहना पड़ा। वर्ष 2013 में सामान्य हुई सीट पर भाजपा ने युवा नेता पंकज डिमरी को दरकिनार करते हुए दमयंती पर भरोसा जताया, लेकिन दमयंती यहां भी दूसरे नंबर पर रही। तब निर्दलीय सुभाष गैरोला ने जीत दर्ज की। इस बार फिर भाजपा ने महिला के लिए आरक्षित हुई सीट पर दमयंती पर दांव खेला है। वहीं कांग्रेस ने भी दो बार सभासद का चुनाव लड़ी मनोरमा देवली को उम्मीदवार बनाया है। मनोरमा देवली ने वर्ष 2008 में पंचायत सभासद का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की, जबकि वर्ष 2013 में दूसरी बार सभासद का चुनाव लड़ने पर उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।
गौचर में भाजपा ने युवा नेता जयकृत बिष्ट की पत्नी अंजू बिष्ट को उम्मीदवार बनाया है। जयकृत बिष्ट ने वर्ष 2013 निर्दलीय तौर पर नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और दूसरे स्थान पर रहे। जबकि कांग्रेस ने निवर्तमान सभासद व 2015 में जिला नियोजन समिति में सदस्य का चुनाव जीतने वाली इंदु पंवार को मैदान में उतारा है।
थराली में दीपा पर जताया भरोसा
देवाल। 2016 में सृजित नगर पंचायत थराली में भाजपा ने पार्टी नेता नरेंद्र भारती की पत्नी दीपा देवी पर विश्वास जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। दीपा के ससुर प्रेम लाल भारती कांग्रेस के जिलाध्यक्ष थे, जबकि दीपा के पति नरेंद्र भारती ने भाजपा से अपनी राजनीति शुरू की है। ब्यूरो