ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गंगा सुरक्षा एवं पर्यावरण सेवा समिति व सारथी सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वाधान में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की। शनिवार को शीशमझाड़ी स्थित ज्ञानकतार पब्लिक स्कूल में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में सारथी समाज संस्था के पंडित रवि शास्त्री ने कहा कि आधुनिकता के दौैर में तरक्की के साथ मनुष्य ने पर्यावरण को अपूर्णीय क्षति पहुंचाई है, जिसके लिए आज पर्यावरण में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए एक साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए गंगा किनारे पौधरोपण करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गंगा के किनारे पौधरोपण के लिए युवाओं को साथ में लेकर जनचेतना के लिए मुहिम चलाई जाएगी। इस मौके पर विद्यालय परिसर में फलदार, छायादार और औषधीय गुणों के पौधे रोपे गए, जिनमें आम, अमरूद, नीम, पीपल, बड़, पिलखन आदि प्रमुख थे।
इस दौरान गुरविंदर सलूजा, अमित सक्सेना, अभिषेक शर्मा, नमिता सलूजा, रविंद्र सलूजा, राज सहगल, वामदेव शास्त्री, संदीप, चंद्रप्रकाश, शोभा देवी, मीनू धीमान, सुशीला भारद्वाज, शशि गौड, डॉ सुनील थपलियाल आदि मौजूद थे।