ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में शनिवार को शहर में जाम की समस्या से पर्यटकों को दो-चार होना पड़ा। शनिवार को ऋषिकेश और मुनिकीरेती में हाईवे से गुजरने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन जाम की समस्या से निपटने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाया है। शनिवार को ऋषिकेश से तपोवन तक दिन भर राजमार्ग पर जाम लगता रहा। इस दौरान सड़कों पर जाम में फंसे वाहन रेंगते नजर आए। जबकि जाम से पैदल चलने वाले पर्यटकों को भी खासी दिक्कतें उठानी पड़ी।
पुरानी चुंगी तिराहा, घाट चौक, दून तिराहा, चंद्रभागा पुल चौराहा, शिवानंद द्वार, आंध्रा आश्रम, गुरुद्वारा, तपोवन चौक पर नियमित अंतराल में जाम लगता रहा। यह स्थिति तब है जब ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस और होमगार्ड तैनात थे। वाहनों के दबाव और सड़क किनारे खड़े वाहनों से पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण और नो पार्किंग में खड़े दुपहिया वाहन ने आग में घी का काम किया। ऋषिकेश से तपोवन तक पहुंचने में पर्यटक वाहनों को जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ा। वहीं, ऋषिकेश में चंद्रभागा पुल के आसपास दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों को भी दिक्कतें पेश आईं।
कोट्स
वीकेंड पर जाम की समस्या ज्यादा रहती है। पार्किंग फुल होने के कारण पर्यटक सड़कों पर वाहन खड़ा कर देते हैं। हम चालान भी करते हैं। अब अभियान के तहत कार्रवाई होगी।
आरके सकलानी, थाना प्रभारी, मुनिकीरेती