कर्णप्रयाग। इंडेन रसोई गैस एजेंसी की ओर से लोगों को पिछले पांच साल से घर में सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है, जिससे लोगों को सिलिंडर के लिए मीलों दूरी तय करनी पड़ रही है।
इंडेन गैस एजेंसी कर्णप्रयाग, गौचर सहित नौटी, नंदासैंण, नैनीसैंण, सिमली, नारायणबगड़, आदिबदरी, रानीगढ़ क्षेत्र, देवलकोट सहित गैरसैंण के कई इलाकों में रसोई गैस की आपूर्ति करता है, लेकिन लोगों को होम डिलीवरी नहीं दे रहा है। स्थानीय निवासी जगदीश पुरोहित, सुनील पंवार का कहना है कि होम डिलीवरी नहीं होने से उपभोक्ताओं को सिलिंडर कुलियों से घर पहुंचा पड़ रहा है। कुली सिलिंडर घर छोड़ने का 50 रुपये ले रहा है। ऐसे में लोगों को सिलिंडर के ज्यादा दाम चुकाने पड़ रहे हैं। पालिका के ईओ आरएस राणा ने बताया कि तय शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने पर कुलियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में एजेंसी संचालकों से वार्ता की जाएगी।