पोखरी (चमोली)। चंद्रशिला पट्टी के नंदाकुंड मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या लोक गायक किशन महिपाल के नाम रही। किशन ने बाल गोविंदा, हे नाथ नारायण वासुदेवा से की... और इसके बाद एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी जिस पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ पूर्व कैैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने किया।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत किशन ने बाल गोविंदा, हे नाथ नारायण वासुदेवा... से की। इसके बाद उन्होंने ओ भाना रंगीली भाना..., स्याली बंपाली..., हे रूड़ी मिजाज रुड़ी..., किंगरी का झाला घुघुती..., फ्यूंलड़िया त्वे देखिक... आदि गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। लोक गायिका अनन्या बिष्ट ने हाय तेरो रुमाल... हे मेरा भाग्यवान..., दैणा होयां खोली का गणेशा... आदि गीत गाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों पर कलाकारों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। मेले में पोखरी के थानाध्यक्ष अनिरुद्ध मैठाणी ने दर्शकों को कानूनी संबंधी जानकारी भी दी। उन्होंने शराब पीकर वाहन न चलाने, किसी भी अपरिचित को अपने एटीएम की जानकारी न देने का आह्वान किया। इस मौके पर मेला संरक्षक सत्येंद्र नेगी, अध्यक्ष विजयपाल नेगी, हरिओम, सुभाष पांडे, लक्ष्मी पुरोहित, नीरज गोविंद, ऋषभ कुमार, हरि शाह, सचिन सजवाण, गजेंद्र नेगी, सूबेदार मातवर नेगी, जीत सिंह, मनवर रावत, मोहन सिंह बर्तवाल और जयपाल बर्तवाल आदि मौजूद थे।