ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । नगर सहित आस पास के क्षेत्रों में नवदुर्गा अष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मां दुर्गा के भक्तों ने कन्या पूजन कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। टीएचडीसी की ओर से प्रगतिपुरम सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के सहयोग से रसमंजरी परिसर में नवदुर्गा अष्टमी पर्व मनाया गया। इस अवसर पर भजन कीर्तन के साथ ही सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर टीएचडीसी के प्रबंध निदेशक डीवी सिंह, निदेशक तकनीकी एचएल अरोड़ा, निदेशक कार्मिक विजय गोयल सहित कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने मां दुर्गा के अष्टम रूप महागौरी की पूजा कर भव्य आरती की गई।
इसके अलावा त्रिवेणी घाट, चंद्रेश्वर नगर, प्रगति विहार, गंगा नगर, ढालवाला, चौदहबीघा आदि क्षेत्रों में मां दुर्गा अष्टमी पर्व पर भव्य जागरण किया गया। इस दौरान भजन गायकों ने मां दुर्गा के सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने घर घर में पूजा अष्टमी मनाई। इस मौके पर मां के भक्तों ने कन्या पूजन कर कन्याओं को प्रसाद वितरण किया।