गोपेश्वर। जिला निर्वाचन विभाग भी निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से कराने की तैयारियों में जुट गया है। बुधवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जिले के सभी नौ नगर निकायों में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए निर्वाचन और सह निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। नगर पालिका परिषद जोशीमठ में एसडीएम योगेंद्र सिंह को निर्वाचन अधिकारी और बीडीओ रमेश चंद्र को सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर में एसडीएम (सदर) परमानंद राम को निर्वाचन अधिकारी व बीडीओ रघुुनाथ सिंह नेगी को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग में एसडीएम गोपाल राम बिनवाल व एबीडीओ राजेंद्र बर्तवाल, नगर पालिका गौचर में पीएसजीएसवाई के ईई प्रमोद गंगाड़ी व कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी रोहित बिष्ट, नगर पंचायत नंदप्रयाग में वर्ल्ड बैंक लोनिवि के ईई मनोज भट्ट व बीडीओ रघुवीर सिंह, नगर पंचायत गैरसैंण में एसडीएम नेहा मीणा व तहसीलदार दर्शन लाल मैठाणी, नगर पंचायत पोखरी में लोनिवि के ईई राजेश चंद्र व बीडीओ विक्रम लाल शाह, नगर पंचायत पीपलकोटी में तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ व एबीडीओ नरेंद्र चौहान और नगर पंचायत थराली में एसडीएम रोहित मीणा को निर्वाचन अधिकारी व उपखंड शिक्षाधिकारी आदर्श को सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन से पूर्व वार्डों और मतदेय स्थलों के निरीक्षण कर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
प्रभारी और सह प्रभारी अधिकारी नामित
गोपेश्वर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने निकाय चुनाव को लेकर जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। जिला स्तर पर विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रभारी और सह प्रभारी अधिकारी नामित कर दिए हैं। निर्वाचन के दौरान कर्मियों की व्यवस्था के लिए सीडीओ हंसादत्त पांडे को प्रभारी अधिकारी तथा मुख्य शिक्षाधिकारी ललित मोहन चमोला व सूचना विज्ञान अधिकारी अंकित चौहान को सह प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आदर्श आचार संहिता के लिए अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया को प्रभारी अधिकारी व संबंधित क्षेत्रों के नगर पालिका व नगर पंचायत अधिशासी अधिकारियों को सह प्रभारी अधिकारी बनाया गया। यातायात/परिवहन व्यवस्था के लिए जिला पूर्ति अधिकारी आईडी नौटियाल को प्रभारी अधिकारी व एआरटीओ एल्विन रोक्सी को सह प्रभारी बनाया गया। प्रशिक्षण, मतदान व मतगणना कार्यों के लिए जिला नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक डा. योगेश धस्माना को प्रभारी अधिकारी व जीआईसी बैरागना के सहायक अध्यापक एपी डिमरी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार कई अन्य अधिकारियों को भी निर्वाचन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।