देवाल/कर्णप्रयाग/रुद्रप्रयाग। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन देवी मंदिरों में कालरात्रि देवी की वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ पूजा की गई। देवाल में आयोजित दुर्गा महोत्सव में शिव शक्ति म्यूजिकल ग्रुप की ओर से आयोजित जगराता में कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। दोपहर को आयोजकों ने मां दुर्गा, अघोरी बाबा और राधा-कृष्ण की भव्य झांकी निकाली। इस दौरान गढ़वाल और कुमाऊं मंडल से आए श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ देवी-देवताओं की झांकी का स्वागत किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट, समिति के अध्यक्ष कपूर मिश्रा, संरक्षक नंद किशोर मिश्रा, महावीर बिष्ट, पीतांबर दत्त, शेर सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। वहीं कर्णप्रयाग के पौराणिक मां उमा देवी और राजराजेश्वरी चंडिका मंदिर सिमली, नंदा देवी मंदिर नौटी, दशमद्वार महाकाली मंदिर कंडारा, दक्षिण काली मंदिर चांदपुरगढ़ी सहित अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
रुद्रप्रयाग में शारदीय नवरात्र के सातवें दिन देवी मंदिरों में कालरात्रि की पूजा की गई। शक्तिपीठ कालीमठ, मठियाणाखाल, फेगू स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में देवी की विशेष पूजा की गई। श्री शक्ति संस्कृति एवं सांस्कृतिक ट्रस्ट की ओर से आयोजित पांच दिवसीय दुर्गा पूजन के दूसरे दिन पांडाल में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। पुजारियों ने देवी का शृंगार किया। महिलाओं ने कीर्तन-भजन का आयोजन किया।