श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति के लिए छात्रों ने आंदोलन का निर्णय लिया है। पिछले 10 माह से विवि में कार्यवाहक कुलपति के तौर पर वरिष्ठ प्रोफेसर तैनात हैं। छात्रों का कहना है कि नियमित कुलपति न होने से विवि केे कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पिछले वर्ष दिसंबर माह में गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को केंद्र सरकार ने पदमुक्त कर दिया था। तब से गढ़वाल विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति नहीं हुई है। जनवरी माह से अब तक गढ़वाल विवि के दो वरिष्ठ प्रोफेसर कार्यवाहक कुलपति के तौर पर तैनात हो चुके हैं। छात्र संगठन आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती का कहना है कि केंद्र सरकार गढ़वाल विवि में कुलपति की नियुक्ति को लेकर गंभीर नहीं हैं। नियमित कुलपति न होने से विवि के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिड़ला परिसर छात्रसंघ उपाध्यक्ष अंकित उछोली ने कहा कि विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा गया है। बिड़ला परिसर छात्रसंघ सचिव रामप्रकाश रैम्स ने कहा कि विवि में कुलपति व परीक्षा नियंत्रक जैसे पद कार्यवाहक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विवि में विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।