गोपेश्वर। दस अक्तूबर को भेड़ी गांव के दुर्गा मंदिर से चोरी की गई मूर्ति और छत्र के साथ कोतवाली पुलिस ने दो चोरों को पकड़ लिया। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दीपक रावत ने बताया कि दस अक्तूबर को सुशीला बिष्ट ने कोतवाली में दी तहरीर में भेड़ी गांव के दुर्गा मंदिर से मूर्ति व छत्र के चोरी होने की बात कही थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। विवेचना कर रहे उप निरीक्षक शिव दत्त जमलोकी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 11 अक्तूबर को संजय कुमार और सुरेंद्र सिंह दोनों निवासी पुराना बाजार चमोली को गिरफ्तार कर लिया। उनसे चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।