गोपेश्वर। स्वर्गीय बूंदीलाल शाह मेमोरियल कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब विष्णु पैंथर की टीम ने चंडिका क्लब को 48 रन से हराकर अपने नाम किया। मुख्य अतिथि भाजपा नेता वीरेंद्र असवाल ने विजेता टीम को ग्यारह हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी भेंट की, जबकि उपविजेता चंडिका क्लब की टीम को पांच हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन पर महादेव क्लब के खिलाड़ी आशीष कुमार को मैन ऑफ द सीरीज दिया गया। आशीष ने पूरे टूर्नामेंट में 190 रन और आठ विकेट चटकाए।
बृहस्पतिवार को गोपीनाथ खेल मैदान में हुए टूर्नामेंट में विष्णु पैंथर और चंडिका क्लब की टीम के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। विष्णु पैंथर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 18 ओवर में टीम ने 174 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडिका एकादश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम के खिलाड़ी जल्दी ही आउट हो गए और 126 रनों पर ही पूरी टीम सिमट गई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला देखने के लिए मैदान में खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ आई। इस मौके पर रुद्रेश क्लब के अध्यक्ष लोकेंद्र रावत, विनोद चंद्र, पुष्पा पासवान, शशि देवली, प्रमोद बिष्ट, दिनेश शाह, संजू आर्य, भरत गड़िया और चंद्रशेखर आदि मौजूद थे।