श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय धारीढुंडसिर के भवन निर्माण के लिए शासन ने प्रथम चरण की सैद्धांतिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही कार्यस्थल का भूगर्भीय सर्वेक्षण करवाया जाएगा।
करीब 35 वर्षों से किराए के भवन में संचालित हो रहे राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय को शीघ्र ही भवन सुविधा मिलने वाली है। विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि क्षेत्र के करीब एक दर्जन से भी अधिक गांवों को स्वास्थ्य सुविधा देने वाले अस्पताल के भवन निर्माण की क्षेत्रीय जनता वर्षों से मांग कर रही थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री की घोषणा पर शासन ने भवन निर्माण की प्रथम चरण की सैद्धांतिक एवं वित्तीय स्वीकृति के तहत सात लाख 78 हजार की धनराशि स्वीकृति कर दी है। विधायक ने बताया कि भवन निर्माण से पहले शीघ्र ही कार्य स्थल का भूगर्भीय निरीक्षण एवं परीक्षण करवाया जाएगा। अस्पताल के लिए भवन स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त कर विधायक विनोद कंडारी का आभार जताया। खुशी व्यक्त करने वालों में उपेंद्र सिंह राणा, शैलेंद्र पंवार, भगत सिंह राणा, ओमकार सिंह कंडारी, उम्मेद सिंह पंवार, मेहरवान सिंह पंवार, कलम सिंह बिष्ट, प्रधान यशपाल सिंह पंवार, गौर सिंह चौहान आदि शामिल थे।