कीर्तिनगर। रामलीला मैदान में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावितों ने अपना आंदोलन हाईकोर्ट का फैसले आने तक स्थगित कर दिया है। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर ने कहा कि न्यायालय का फैसला आने के बाद आंदोलन की भावी रणनीति तय की जाएगी। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावित 17 सूत्री मांगों के लिए विगत छह माह से देहरादून व कीर्तिनगर में धरना प्रदर्शन व अनशन कर रहे थे। सोमवार को प्रभावितों की आपसी सहमति के बाद यह कार्यक्रम कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर ने बताया कि मंच की महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुनीता पांडे की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन न्यायालय ने फैसला 11 अक्तूबर तक के लिए सुरक्षित रखा है। इसलिए कीर्तिनगर में जारी धरना व अनशन न्यायालय का फैसला आने तक स्थगित कर दिया गया है। कहा कि अगर फैसला प्रभावितों के पक्ष में नहीं आया तो फिर से संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए दोबारा अनशन शुरू कर दिया जाएगा।