ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। वैश्य अग्रवाल सभा की ओर से आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह रविवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। सनातन धर्म मंदिर में आयोजित समारोह की शुरुआत हवन पूजन से हुई। इसके बाद सभा से जुड़े पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल शामिल हुए। समारोह में भजन एवं रासलीला का भी आयोजन किया गया। जिसमें यमुनानगर से पधारे विनोद शर्मा ने भजनों की सुरीली प्रस्तुति देकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया।
रविवार को आयोजित समारोह में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि सुदृढ़ और सुसंस्कृत समाज के निर्माण के लिए बच्चों में नैतिकता और संस्कारों का रोपण आवश्यक है। महाराजा अग्रसेन अग्रवंश के जन्मदाता और महान चिंतक थे। बच्चों को संस्कारित करने में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता वैश्य अग्रवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए। कहा अग्रवाल समाज अनुशासन और ईमानदारी के साथ व्यापार करने वाला व्यापारी वर्ग है। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। समारोह में वैश्य अग्रवाल सभा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, महामंत्री रोहित अग्रवाल, किशन लाल अग्रवाल, कुलभूषण अग्रवाल, चन्दन लाल अग्रवाल, सुरेन्द्र मित्तल, रमेश चन्द गुप्ता, योगेश गोयल, सुशील अग्रवाल, राज कुमार जैन, नीरज अग्रवाल, अरुण मित्तल, अंकुर अग्रवाल, नीरज गुप्ता, ममता अग्रवाल, आशिमा अग्रवाल, सुमित्रा गोयल शामिल रहे।