- 33 केवी की लाइन में फाल्ट आने से जौनसार बावर की हुई थी बत्ती गुल
अमर उजाला ब्यूरो
साहिया/चकराता। 33 केवी की बिजली लाइन में फाल्ट आने से गुल हुई जौनसार बावर क्षेत्र की बत्ती 19 घंटे बाद रविवार को बहाल हो गई। बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
मालूम हो कि बीते शनिवार को कालसी-विकासनगर के बीच बिजली लाइन में फाल्ट आने से चकराता, सावड़ा, साहिया और त्यूनी फीडरों से जुड़े 200 से अधिक गांव में बिजली आपूर्ति चरमरा गई थी। लोगों को जोक्टी और लालटेन के सहारे रात रोशन करनी पड़ी थी। लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वीकेंड पर चकराता घूमने आए पर्यटकों को भी अंधेरे में रात काटनी पड़ी थी। ऐसे में रविवार की सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय नागरिक आनंद राणा, हरबंश कुकरेजा, तीर्थ कुकरेजा, पंकज जैन, दिनेश चांदना, मनमोहन चौहान, राजेंद्र राणा, केशर चौहान, अमित अरोरा आदि का कहना है लंबे समय से क्षेत्र में बिछी लाइन की मरम्मत नहीं हुई है। जिस कारण हल्की सी हवा चलने पर ही लाइन में फाल्ट आ जाता है। उधर, यूपीसीएल सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि फाल्ट माइनर था। जिस कारण उसे ढूंढने में समय लग गया। सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।