देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण की घोषणा को लेकर क्षेत्रीय विधायक व छात्र संगठनों में जम कर बहस हो गई। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह छात्र नेताओं को समझाकर मामला शांत करवाया।
बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र का भ्रमण करने पहुंचे क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी को छात्र नेताओं का आक्रोश झेलना पड़ा। विधायक के भ्रमण के दौरान राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र-छात्राओं के साथ पहुंचे पहाड़ी छात्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद जियाल व छात्र संघ अध्यक्ष बलवंत सिंह रावत की मुख्यमंत्री की छात्रावास की घोषणा को लेकर बहस हो गई। अरविंद जियाल ने कहा कि 12 अगस्त को जामणीखाल भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देवप्रयाग महाविद्यालय में छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बात पर विधायक ने उक्त घोषणा की जानकारी न होने की बात कही। कहा कि अगर मुख्यमंत्री घोषणा करते तो विधायक को जानकारी होती। विधायक से मिले जवाब को सुनकर छात्रों में गुस्सा बढ़ गया और उनकी विधायक से बहस शुरू हो गई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह छात्रनेताओं को समझा कर शांत किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि महाविद्यालय में जल्द छात्रावास का निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।