इन्वेर्स्ट्स समिट की तैयारियों में कोताही बर्दाश्त नहीं : डीएम
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
मुनिकीरेती। इन्वेर्स्ट्स समिट के दौरान तीर्थनगरी में जुटने वाले देश-दुनिया के उद्योगपतियों के स्वागत की तैयारियों की बुधवार को जिलाधिकारी सोनिका ने समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने सभी विभागों को तय समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शहर में कराए जा रहे कार्यों का जायजा भी लिया।
मुनिकीरेती स्थित गढ़वाल विकास निगम के गंगा रिजॉर्ट में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि इन्वेर्स्ट्स समिट की तैयारियों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अब तक हुई कार्यों का ब्योरा पेश किया। बैठक के बाद डीएम ने गंगा रिजॉर्ट से स्वामीनारयण आश्रम आरती घाट तक कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि गढ़वाल विकास निगम आने वाले उद्योगपतियों का रूट प्लान नटराज चौक से बाईपास भद्रकाली होते हुए गंगा रिजॉर्ट तक रहेगा। अतिथियों के वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था मुनिकीरेती के खेल मैदान में होगी। इस दौरान डीएम ने सभी कार्य तय समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
चिकित्सकों की टीम रहेगी तैनात
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। राजकीय चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एनएस तोमर ने बताया कि वीआईपी व्यवस्था के तहत चिकित्सकों की टीम बनाई गई है। टीम में फिजीशियन डॉ. कोटियाल, अर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एमपी सिंह, फार्मसिस्ट सहित वार्ड ब्वाय भी शामिल हैं। इसके अलावा अस्पताल में वीआईपी वार्ड की व्यवस्था भी बनाई जा रही है।