सूखा व गीला कूड़ा अलग नहीं दिया तो भरना पड़ेगा जुर्माना
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं देने पर अब नगर पंचायत प्रशासन नागरिकों से जुर्माना वसूल करेगा। यह घोषणा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में निकाय की ओर से की गई है। इस बाबत लोगों को पहले जागरूक करने के लिए पंचायत प्रशासन की ओर से प्रचार सामग्री वितरित की गई।
नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी मोहन प्रसाद गौड़ ने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयास में जुटी है। गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं दिए जाने से संबंधित एजेंसी को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा, अब नगर पंचायत प्रशासन ने नियम का पालन नहीं करने वालों से कूड़ा निस्तारण अधिनियम के तहत अर्थदंड वसूलने का निर्णय लिया है। कार्रवाई शुरू करने से पहले स्थानीय नागरिकों को प्रति जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर निकाय की निवर्तमान अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, अवर अभियंता मनमोहन सेमवाल, गोपाल अग्रवाल, पूजा आर्य, अश्विनी गुप्ता, मोहन नागर, विधि गुप्ता, रोहित कुमार, अनिल राणा, राकेश, विशाल, अजय, मनीष, विक्की, राधा देवी आदि मौजूद रहे।