स्कूल व बसों में लगाए जाए सीसीटीवी
श्रीनगर। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने सभी स्कूल संचालकों /प्रधानाचार्यों को स्कूलों व बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की है।
रविवार को सीओ धन सिंह तोमर ने निजी/सरकारी स्कूल संचालकों/प्रधानाचार्यों और वाहन चालक/परिचालकों की बैठक लेते हुए बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में बच्ची के साथ स्कूल वाहन में यौन उत्पीड़न के बाद हाईकोर्ट ने 16 आदेश जारी किए हैं, जिसका अनुपालन हर स्कूल को करना है। उन्होंने साफ किया कि जिन स्कूलों की अपनी बस नहीं हैं, उनकी भी बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। बैठक में तय किया गया कि जल्दी इस संबंध में ऐसे स्कूल संचालकों और वाहन स्वामियों की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बैठक में मौजूद उप खंड शिक्षा अधिकारी पीएल भारती से सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने सहित अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने का अनुरोध किया। सीओ ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। इसके लिए महिला टीचरों की विशेष ड्यूटी लगे। कहा कि जिन स्कूलों में महिला टीचर नहीं है, वहां हेड गर्ल को यह दायित्व दिया जाए। इसके अलावा उन्होंने बस में बच्चों को बैठाने व उतारने के लिए महिला कर्मी की नियुक्ति, बच्चों की पहुंचने की जानकारी एसएमएस से देने, बसों में जीपीएस लगाने और चिपयुक्त आईकार्ड बनाने के लिए कहा। बैठक का संचालन कोतवाल एनएस बिष्ट ने किया।