ब्यूरो/अमर उजाला, ब्यूरो। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा यमकेश्वर की ओर से डाडामंडी क्षेत्र में शौर्य दिवस मनाया गया। इस मौके पर क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। शनिवार को शौर्य दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी ने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात वीर जवानों ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादी कैंपों को नष्ट किया था।
उनका कहना है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सेना को काम करने की स्वतंत्रता दी है, सीमा पर लगातार आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए हमारे जांबाज सीमा पर मुस्तैद हैं। बताया कि एक सैनिक परिवार से होेने के कारण उनका सेना से गहरा जुड़ाव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूबेदार मेजर सचदेव डोबरियाल जबकि संचालन शेर बहादुर राणा ने किया। इस दौरान भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरबल, लांस नायक गुलाब सिंह, सूबेदार वीरेंद्र सिंह, हवलदार नरेंद्र सिंह, नायक प्रकाश चंद, विधायक प्रतिनिधि विक्रम बिष्ट, मुकेश देवरानी, रेणु उनियाल, राजेंद्र द्विवेदी, शशि डोबरियाल आदि मौजूद थे।